
उज्बेकिस्तान में मेडिकल की पढ़ाई कर रही केरल की छात्रा सांवरिया बसंत की मौत का मामला अब हत्या की जांच तक पहुंच गया है। छात्रा की मौत के करीब एक सप्ताह बाद केरल पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया है। इस मामले में उसके साथ पढ़ने वाले एक भारतीय छात्र को गिरफ्तार किया गया है। सांवरिया बुखारा स्टेट मेडिकल इंस्टीट्यूट में प्रथम वर्ष की मेडिकल छात्रा थीं।

परिजनों का आरोप है कि आरोपी छात्र लंबे समय से सांवरिया पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था। शिकायत के मुताबिक, विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया जाता था। परिवार का यह भी दावा है कि कॉलेज के कई छात्रों को इस कथित उत्पीड़न की जानकारी थी। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच एजेंसियों की ओर से अभी नहीं की गई है।

छात्रा का पार्थिव शरीर भारत लाए जाने के बाद परिजनों की मांग पर अलप्पुझा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। परिवार ने शुरुआती रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, केरल पुलिस पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है और उज्बेकिस्तान की जांच एजेंसियों से आधिकारिक जानकारी का इंतजार कर रही है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।





