
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडोनेशिया पहुंच गए हैं, जहां राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया। खास बात यह रही कि इंडोनेशियाई सीमा में प्रवेश करते ही फाइटर जेट्स ने पीएम मोदी के विमान को एस्कॉर्ट किया।
इस दौरे का सबसे बड़ा फोकस भारत और इंडोनेशिया के बीच करीब ₹2,500 करोड़ की ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल डील मानी जा रही है। अगर समझौता होता है तो फिलीपींस के बाद इंडोनेशिया ब्रह्मोस खरीदने वाला दूसरा विदेशी देश बन जाएगा।
दौरे के दौरान पीएम मोदी यूनेस्को विश्व धरोहर में शामिल प्रसिद्ध प्रम्बानन मंदिर भी जाएंगे। वहीं रणनीतिक रूप से अहम साबंग पोर्ट पर दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर भी चर्चा होगी। भारत और इंडोनेशिया के करीब 2,000 साल पुराने सांस्कृतिक रिश्तों को भी इस यात्रा में नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।







