
इंफाल। मणिपुर के कामजोंग जिले में बुधवार को एक बार फिर हिंसा भड़क गई। भारत-म्यांमार सीमा से लगे गांवों में नगा और कुकी गुटों के बीच हुई सशस्त्र झड़पों में 20 से अधिक घरों को आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, सुबह हथियारबंद हमलावरों ने एक नगा गांव पर हमला कर कई घरों में आग लगा दी, जिसके बाद जवाबी हिंसा में अन्य गांव भी निशाना बने।

घटना के बाद प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि हालात तनावपूर्ण जरूर हैं, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। हिंसा को फैलने से रोकने के लिए इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। मणिपुर पिछले लंबे समय से जातीय संघर्ष की चपेट में है। राज्य में मैतेई, कुकी और नगा समुदायों के बीच भूमि, पहचान और अन्य मुद्दों को लेकर समय-समय पर तनाव देखने को मिलता रहा है। हालिया घटना ने एक बार फिर राज्य में सुरक्षा व्यवस्था और शांति बहाली की चुनौती को बढ़ा दिया है।






