
रायपुर : राजधानी रायपुर में आज मंगलवार को सेंट पॉल स्कूल परिसर के पास बने एक विवादित निर्माण पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस सुरक्षा के बीच निर्माणाधीन ढांचे को हटाने की कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए स्कूल के आसपास की दोनों ओर की सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। मौके पर अपर कलेक्टर, एडीसीपी समेत प्रशासन, नगर निगम और पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

यह मामला उस समय चर्चा में आया जब हिंदू स्वाभिमान संगठन की प्रदेश अध्यक्ष विश्वदिनी पांडेय ने आरोप लगाया कि सामुदायिक भवन के नाम पर चर्च का निर्माण किया जा रहा है। उनका कहना था कि सेंट पॉल ट्रस्ट के पास संबंधित जमीन की लीज़ वर्ष 2022 में समाप्त हो चुकी थी और इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। साथ ही उन्होंने दावा किया कि निर्माण के लिए आवश्यक अनुमति भी नहीं ली गई थी।शिकायत के बाद प्रशासन ने दस्तावेजों और निर्माण की स्थिति की जांच की, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से विवादित ढांचे को हटाया गया।

हालांकि, नगर निगम अधिकारियों ने कार्रवाई की वजह को अलग तरीके से स्पष्ट किया। निगम के अनुसार, यह कार्रवाई किसी धार्मिक विवाद के आधार पर नहीं बल्कि जमीन की लीज़ समाप्त होने और निर्धारित नियमों के उल्लंघन के कारण की गई। प्रशासन का कहना है कि पूरी प्रक्रिया कानूनी प्रावधानों के तहत पूरी की गई और पूरे समय स्थिति नियंत्रण में रही।






