
पटना: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार (15 जून) को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को शेयर किया था. ट्रेन की बोगी के अंदर बहुत अधिक भीड़ और गर्मी के कारण एक युवक की दम घुटने से मौत होते हुए इस वीडियो में देखा जा सकता है. मामले के तूल पकड़ने के बाद इसपर रेलवे का बयान आया है.

इस वीडियो ने मुझे झकझोर दिया- राहुल गांधी
इस भयावह वीडियो के बारे में कहा जा रहा है कि युवक परीक्षा देने जा रहा था और पटना में ट्रेन यात्रा के दौरान दम घुटने से उसकी मौत हो गई थी. राहुल गांधी ने वायरल वीडियो को अपने एक्स हैंडल पर रीपोस्ट करते हुए लिखा, इस वीडियो ने मुझे झकझोर दिया. ये उस भारत के लाचार युवा हैं, जिसकी सरकार अपने अरबपति दोस्तों पर लाखों करोड़ लुटा देती है, पर अपने ही छात्रों को एक सुरक्षित सफर तक नहीं दे सकती.साथ ही राहुल गांधी ने अपने पोस्ट के माध्यम से जनता से बड़ा वादा किया और लिखा है कि मैं वादा करता हूं- हम यह आवाज उन बहरे कानों तक पहुंचाएंगे. हर छात्र को उसका हक मिलेगा, उसका न्याय मिलेगा. 17 जून, कोटा, यही गूंज, अब हुंकार बनेगी.
वायरल वीडियो पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का बयान आने के बाद पूर्व मध्य रेलवे के एक्स हैंडल से एक से ज्यादा बार बयान जारी किए गए हैं. पूर्व मध्य रेलवे ने लिखा है, इस संबंध में अवगत कराना है कि वीडियो का गहन परीक्षण एवं अवलोकन करने पर ज्ञात हुआ है कि यह घटना पूर्व मध्य रेल से संबंधित नहीं है.
वहीं राहुल गांधी के शेयर पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने लिखा, उक्त घटना पाटलिपुत्र स्टेशन की नहीं है. यह भी स्पष्टतया बताना है कि किसी भी व्यक्ति की मृत्यु से संबंधित कोई भी सूचना किसी भी स्रोत से नहीं है. कृपया ऐसे किसी भी अफवाह/ भ्रम को न फैलाएं. बता दें कि राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहीं भी दावा नहीं किया है कि ये वीडियो पाटलिपुत्र स्टेशन का है. वीडियो में दिखाई दे रहे शख्स की शारीरिक गतिविधियों और स्थिति के आधार पर प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि उक्त व्यक्ति संभवतः किसी चिकित्सकीय समस्या और थकानजनित अस्वस्थता से प्रभावित हुआ हो.




