
नई दिल्ली: देश में मानसून की रफ्तार तेज पकड़ने के बीच मौसम विभाग ने एक नया अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक कल यानी 18 जून को यूपी, बिहार समेत 13 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी कर दिया है। इस बारिश के साथ 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी है। पूर्वी राज्यों में सबसे अधिक लोगों की परेशानी बढ़ने वाली है। यहां वज्रपात और बिजली गिरने से नुकसान पहुंच सकता है।

वहीं, पहाड़ी राज्यों की यात्रा करने वाले लोगों के लिए खास चेतावनी जारी की गई है। घर से निकलने से पहले एक बार मौसम अपडेट जरूर पढ़ लीजिए। कुछ राज्यों में ओले गिरने की भी चेतावनी है। किसानों के फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आस-पास के इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती संचरण बन रहा है।18 जून से उत्तर-पश्चिम भारत पर एक नए पश्चिमी विक्षोभ का असर पड़ने की संभावना है। इसके अलावा बिहार में ऊपरी हवा का चक्रवातीय संचरण बन रहा है।

देश के 13 राज्यों में बारिश-आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक कल यानी 18 जून को देश के 13 राज्यों यूपी, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 80 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से आंधी चलने की चेतावनी है। इसके अलावा पहाड़ी राज्यों में कुछ जगहों पर ओले गिर सकते हैं।




