
Weather Update : देश के ज्यादातर हिस्सों में पिछले एक सप्ताह से बारिश का दौर थम गया है, लेकिन मानसून की वापसी से पहले कुछ राज्यों में फिर से बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-मध्य और पूर्वी राज्यों की ओर बढ़ रहा है, जिससे छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में जल्द ही वर्षा हो सकती है।
उत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां धीमी हो गई हैं। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में मौसम शुष्क रहेगा और मानसून जल्द वापस जा सकता है। लेकिन यूपी, बिहार और झारखंड के मैदानी इलाकों में सितंबर के आखिरी दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके चलते खेतों में खड़ी खरीफ फसलों को नुकसान होने का खतरा भी है। हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में दक्षिण-पश्चिम मानसून के लौटने की संभावना है, हालांकि नमी सामान्य से कम होने के कारण बारिश सीमित रहेगी।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस बार मानसून सीजन में 17 सितंबर तक औसतन 8 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। हालांकि क्षेत्रीय असंतुलन देखा गया है। उत्तर-पश्चिम, मध्य और दक्षिणी प्रायद्वीपीय क्षेत्र में सामान्य से अधिक बारिश हुई, जबकि पूर्व और उत्तर-पूर्व में लगभग 18 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई।
राज्यों की स्थिति देखें तो यूपी में औसतन 695.6 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 4 प्रतिशत कम है। बिहार में 1,029 मिमी और उत्तराखंड में 1,299 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो क्रमशः सामान्य से 2 प्रतिशत और 22 प्रतिशत अधिक है। पंजाब में 37 प्रतिशत, हरियाणा में 30 प्रतिशत और हिमाचल में 40 प्रतिशत अधिक बारिश हुई।