राष्ट्र के नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन में GST सुधार लागू करने के बाद योग गुरु बाबा रामदेव ने इसका जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह कदम देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा और आम लोगों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा।
बाबा रामदेव ने मोदी के GST सुधारों को देश की आर्थिक तरक्की के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि पहले 12% और 18% की दर से लगने वाले टैक्स अब कई जरूरी उत्पादों पर 5% कर दिए गए हैं। इससे लोगों की जेब पर बोझ कम होगा और बचत बढ़ाने में मदद मिलेगी। रामदेव ने जोर देकर कहा कि यह सुधार देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर बाबा रामदेव ने स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का भी आह्वान किया। उनका कहना है कि जब लोग स्वदेशी सामान का समर्थन करेंगे और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेंगे, तो भारत वैश्विक स्तर पर अग्रणी बन सकता है। उन्होंने कहा कि यह न केवल अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा, बल्कि देशवासियों में गर्व और आत्मविश्वास भी बढ़ाएगा।
रामदेव के अनुसार, GST में राहत देना केवल टैक्सपेयर्स के लिए ही नहीं, बल्कि आम जनता की भलाई और देश की आर्थिक मजबूती के लिए भी लाभकारी है। उनका कहना है कि इस निर्णय से आम लोग समृद्ध होंगे और भारत की अर्थव्यवस्था नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।
