हॉकी एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर इतिहास रच दिया। बिहार के राजगीर में खेले गए इस रोमांचक मैच में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए चौथी बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। इस शानदार जीत के साथ भारत ने 2026 हॉकी वर्ल्ड कप (बेल्जियम और नीदरलैंड संयुक्त मेजबानी) के लिए भी क्वालिफाई कर लिया।
भारत की इस जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर बधाई संदेश देते हुए कहा कि यह जीत और भी खास है क्योंकि टीम ने गत विजेता दक्षिण कोरिया को मात दी। उन्होंने इसे भारतीय हॉकी के लिए गौरवपूर्ण पल बताया। गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, “टीम इंडिया की यह जीत एशिया में भारत की ताकत को फिर से स्थापित करती है। आठ साल बाद एशिया कप जीतना गर्व और खुशी का क्षण है।” उन्होंने कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पूरी टीम को विशेष बधाई दी और बिहार की जनता की मेहमाननवाजी पर गर्व जताया।
👉 हॉकी इंडिया की घोषणा
खिलाड़ियों के उत्साह को बढ़ाने के लिए हॉकी इंडिया ने हर खिलाड़ी को 3-3 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ को 1.5 लाख रुपये इनाम देने का ऐलान किया।
👉 मैच का हाल
फाइनल की शुरुआत में ही भारत ने मजबूत बढ़त बना ली थी। आखिरी क्वार्टर में दक्षिण कोरिया ने एक गोल दागा, लेकिन भारत का पलड़ा भारी रहा। अंत तक भारतीय टीम ने डिफेंस को मजबूत रखा और मुकाबला 4-1 से अपने नाम किया।
