दिल्ली-एनसीआर में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
उत्तर भारत में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत पूरे NCR में जलभराव और ट्रैफिक जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई इलाकों में घंटों गाड़ियों की कतारें लगी रहीं।
गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) और गाजियाबाद प्रशासन ने मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए 3 सितंबर को स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया था। वहीं दिल्ली में स्कूल अब तक खुले रहे और कोई नई एडवाइजरी जारी नहीं की गई है। शामली और बागपत में भी स्कूल बंद करने के आदेश दिए गए हैं।
हिमाचल प्रदेश: 7 सितंबर तक सभी स्कूल-कॉलेज बंद
लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन से हिमाचल प्रदेश में हालात गंभीर बने हुए हैं। सरकार ने एहतियातन राज्यभर के सभी स्कूल और कॉलेज 7 सितंबर तक बंद रखने का फैसला लिया है। उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में नोटिस जारी किया है, जिसे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी सोशल मीडिया पर साझा किया।
चंडीगढ़: छुट्टियां 7 सितंबर तक बढ़ीं
चंडीगढ़ प्रशासन ने भी सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 7 सितंबर तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। पहले यह छुट्टी 3 सितंबर तक थी, लेकिन मौसम की स्थिति को देखते हुए इसे आगे बढ़ा दिया गया है। प्रशासन ने कहा कि छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पंजाब: बाढ़ और बारिश से हालात गंभीर
पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ के चलते हालात बेहद चिंताजनक हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर राज्यभर के स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी और पॉलिटेक्निक संस्थान 7 सितंबर तक बंद रहेंगे। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने लोगों से अपील की है कि वे स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
