
Diamond League Final 2025 में भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा एक बार फिर गोल्ड से चूक गए। ज्यूरिख में खेले गए फाइनल में 27 वर्षीय नीरज 85.01 मीटर के थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे। नीरज लगातार तीसरी बार डायमंड लीग फाइनल में उपविजेता बने हैं।
जूलियन वेबर ने मारी बाजी
जर्मनी के जूलियन वेबर ने इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने पहले ही प्रयास में 91.37 मीटर का थ्रो किया और दूसरे प्रयास में 91.51 मीटर तक पहुंच गए। यह इस सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा। इसके बाद उनके बाकी थ्रो क्रमशः 83.66 मीटर, 86.45 मीटर और 88.66 मीटर रहे।
नीरज का संघर्ष जारी
नीरज चोपड़ा की शुरुआत 84.35 मीटर के थ्रो से हुई। दूसरा थ्रो 82 मीटर का रहा और उसके बाद लगातार तीन फाउल हो गए। आखिरी प्रयास में उन्होंने 85.01 मीटर का थ्रो किया और दूसरे स्थान पर जगह बनाई। इससे पहले वे 2023 और 2024 के फाइनल्स में भी उपविजेता रहे थे।
लगातार शीर्ष दो में नीरज
टोक्यो ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज ने हालांकि एक बड़ी उपलब्धि कायम रखी। यह उनका लगातार 26वां टूर्नामेंट था जिसमें उन्होंने शीर्ष दो में अपनी जगह बनाई। इस सीजन में उन्होंने कुल 7 टूर्नामेंट खेले हैं, जिनमें 4 बार गोल्ड जीता और 3 बार उपविजेता रहे।