
बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश)। सोमवार रात (25 अगस्त) को बुलंदशहर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में 8 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि करीब 50 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, हादसा अरनिया थाना क्षेत्र के घाटाल गांव के पास हुआ, जब कासगंज से राजस्थान के गोगामेड़ी दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर पलट गया और कई लोग दब गए।
SSP ने दी जानकारी
बुलंदशहर के एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि रात करीब 2:15 बजे यह हादसा अलीगढ़ बॉर्डर के पास हुआ। ट्रैक्टर में करीब 60-61 लोग सवार थे। टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा और दो महिलाएं शामिल हैं।
उन्होंने आगे बताया कि 45 घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। इनमें से तीन की हालत नाजुक है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। हादसे के बाद ट्रैक्टर को सड़क से हटाया गया और कंटेनर को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
प्रशासन तुरंत हरकत में आया
घटना की जानकारी मिलते ही जिला मजिस्ट्रेट और एसएसपी समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को सरकारी व निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
श्रद्धालु राजस्थान के गोगाजी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।