दिल्ली में जन सुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला
दिल्ली। राजधानी की राजनीति मंगलवार को हड़कंप मच गई, जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान अचानक हमला कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने इसे अपने ऊपर नहीं बल्कि दिल्ली की जनता की भलाई के संकल्प पर हमला बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह बहुत जल्द जनता के बीच फिर दिखाई देंगी।
घटना तब हुई जब गुजरात के राजकोट निवासी सकरिया राजेशभाई खीमजीभाई कार्यक्रम में एक याचिकाकर्ता के रूप में मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। जैसे ही वह आगे आए, उन्होंने रेखा गुप्ता को थप्पड़ मारा, धक्का दिया और उनके बाल पकड़कर खींचने लगे। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत उन्हें काबू में लिया और बाहर ले गए। घटना के बाद कार्यक्रम कुछ देर के लिए रोकना पड़ा।
हमले के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि वह अब बेहतर महसूस कर रही हैं और इस घटना से उनकी जनता सेवा की भावना और हौसला प्रभावित नहीं हुआ है। वह पहले से भी अधिक ऊर्जा और समर्पण के साथ जनता के बीच रहेंगी।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के हाथ और सिर में चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर है। पुलिस ने हमलावर के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले मुख्यमंत्री के पैतृक घर की भी रेकी की थी, जिससे यह हमला सोची-समझी साजिश माना जा रहा है।
हमलावर सकरिया के पीछे कई कारणों की संभावना जताई जा रही है। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया कि वह अपने रिश्तेदार की गिरफ्तारी से नाराज था, जबकि उसकी मां का कहना है कि वह सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ था जिसमें दिल्ली-एनसीआर के सभी आवारा कुत्तों को शेल्टर भेजने की बात कही गई थी। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
