
मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंगलवार सुबह से ही निचले इलाकों में गंभीर जलभराव की स्थिति देखने को मिली। इसके चलते कई स्थानों पर सड़क यातायात प्रभावित हुआ, जबकि लोकल ट्रेन सेवाएं भी देरी से चल रही हैं। महाराष्ट्र के कई जिलों में मूसलधार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। खासतौर पर मुंबई में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। शहर के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश जारी है। हालात को देखते हुए सोमवार को स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए थे।

भारी बारिश और जगह-जगह जलभराव के कारण सड़कें जाम हैं और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोकल ट्रेनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लग गया है। मौसम की मार अब हवाई यातायात पर भी दिख रही है। इंडिगो समेत कई एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इंडिगो एयरलाइंस ने ट्वीट कर जानकारी दी कि मुंबई एयरपोर्ट के आस-पास जलभराव के चलते कई मार्गों पर ट्रैफिक धीमा हो गया है। इससे उड़ानों के आगमन और प्रस्थान – दोनों में देरी हो रही है। एयरलाइन ने यात्रियों से समय से पहले निकलने और देरी के लिए खेद जताया है।

मुंबई में भारी बारिश के दूसरे दिन भी लोगों को राहत नहीं मिली। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न रहीं और यातायात बाधित रहा। लोकल ट्रेनों में देरी के साथ-साथ बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) की बस सेवाओं के मार्गों में भी बदलाव किया गया। बोरीवली, अंधेरी, सायन, दादर, चेंबूर समेत कई इलाकों में रात भर तेज बारिश हुई, जो सुबह तक जारी रही, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की समस्या और बढ़ गई।
मुंबई में उपनगरों की तुलना में अधिक बारिश:

नगर निगम के अनुसार, मंगलवार सुबह 5 से 6 बजे के बीच मुंबई शहर के कई क्षेत्रों में उपनगरों की तुलना में अधिक बारिश दर्ज की गई। मुंबई सेंट्रल, परेल, ग्रांट रोड, मालाबार हिल, दादर, वर्ली जैसे इलाकों में एक घंटे के भीतर 40 से 65 मिमी बारिश हुई, जिससे जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई। एक नगर निगम अधिकारी ने बताया कि सोमवार सुबह 8 बजे से मंगलवार सुबह 6 बजे तक द्वीपीय मुंबई, पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 128.86 मिमी, 154.37 मिमी और 185.74 मिमी बारिश दर्ज हुई।

बारिश का आंकड़ा:
आईएमडी के अनुसार, सोमवार सुबह 8:30 बजे से मंगलवार सुबह 5:30 बजे तक 21 घंटे के दौरान विक्रोली में सबसे अधिक 194.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सांताक्रूज में 185 मिमी, जुहू में 173.5 मिमी, बायकुला में 167 मिमी और बांद्रा में 157 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।