
पटना: खान ग्लोबल स्टडीज में हुई फायरिंग और हंगामे के मामले में सोमवार का दिन अहम माना जा रहा है। संस्थान के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर की ओर से आज पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत (एंटीसिपेटरी बेल) की अर्जी दाखिल किए जाने की संभावना है। वहीं, इस प्रकरण में गिरफ्तार दो सुरक्षा गार्डों की जमानत याचिका पर भी अदालत में सुनवाई हो सकती है।

जानकारी के मुताबिक, खान सर के वकील ने शनिवार को ऑनलाइन माध्यम से अग्रिम जमानत के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली थी। अब सोमवार को अदालत में औपचारिक रूप से याचिका प्रस्तुत की जा सकती है। दूसरी तरफ, घटना के चार दिन बाद भी पुलिस खान सर तक नहीं पहुंच पाई है। उनके ठिकाने को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस ने आधिकारिक रूप से कोई जानकारी नहीं दी है।शनिवार को पटना सिविल कोर्ट परिसर में खान सर के आत्मसमर्पण को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन उनके अधिवक्ता अरविंद कुमार मौआर ने इन खबरों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि खान सर के सरेंडर का कोई सवाल नहीं है और उन्हें सुनियोजित तरीके से मामले में फंसाया गया है। उनका पक्ष कानूनी प्रक्रिया के तहत अदालत के समक्ष रखा जाएगा।मामले में गिरफ्तार दोनों सुरक्षा गार्डों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया था कि उन्होंने खान सर के निर्देश पर दो-दो राउंड फायरिंग की थी। इसी बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी में फैजल खान का नाम भी शामिल किया, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।

उधर, प्रशासनिक स्तर पर भी खान ग्लोबल स्टडीज की परेशानियां बढ़ती दिखाई दे रही हैं। हाल ही में संस्थान और उससे जुड़े अस्पताल परिसर का फायर सेफ्टी ऑडिट कराया गया, जिसमें कई कमियां सामने आईं। फायर विभाग ने प्रबंधन को खामियों को दूर करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि 15 जून तक सुधार नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।बता दें कि 2 जून की रात संस्थान परिसर में हुए विवाद और फायरिंग की घटना के बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद और उनके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। अब सभी की नजरें सोमवार को होने वाली अदालती कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।




