Pranjal Khewalkar Videos Case: महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पुणे साइबर पुलिस ने NCP(SP) नेता एकनाथ खडसे के दामाद डॉ. प्रांजल खेवलकर के खिलाफ एक नई FIR दर्ज की है। उन पर आरोप है कि उन्होंने 2022 से 2025 के बीच एक महिला की सहमति के बिना उसकी न्यूड तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड किए। महिला की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि प्रांजल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 77 (voyeurism) और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ है। महिला का आरोप है कि प्रांजल इन तस्वीरों और वीडियोज का गलत इस्तेमाल करना चाहते थे।
पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी
इससे पहले, 27 जुलाई को पुणे के खराडी इलाके में छापेमारी के दौरान प्रांजल खेवलकर को चार पुरुषों और दो महिलाओं के साथ गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने दावा किया था कि वहां एक कथित रेव पार्टी चल रही थी। इस दौरान 41 लाख से अधिक की कीमत का सामान जब्त किया गया था, जिसमें कोकीन, मारिजुआना, मोबाइल फोन, कारें और शराब शामिल थीं। इस मामले में NDPS एक्ट और COTPA की धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई थी।
मोबाइल जांच में मिले नए सबूत
पुलिस जांच में प्रांजल के मोबाइल और लैपटॉप से कई अश्लील वीडियो और तस्वीरें बरामद होने का दावा किया गया है। इन खुलासों के बाद महाराष्ट्र महिला आयोग ने भी मामले की गहन जांच की मांग की है।
खडसे का पलटवार
इस पूरे विवाद पर वरिष्ठ नेता एकनाथ खडसे ने पुलिस पर राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उनके दामाद को फंसाने के लिए निजी तस्वीरें लीक की जा रही हैं और परिवार को बदनाम किया जा रहा है।
