
देहरादून। CharDhamYatra: उत्तराखंड की चारधाम यात्रा 2026 इस बार नए रिकॉर्ड की ओर तेजी से बढ़ रही है। यात्रा शुरू होने के महज 55 दिनों के भीतर 31 लाख 5 हजार 553 श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं। सबसे ज्यादा श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां अब तक 11 लाख 5 हजार 676 यात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए। वहीं बद्रीनाथ धाम में 9 लाख 8 हजार 619, गंगोत्री में 5 लाख 28 हजार 406 और यमुनोत्री धाम में 5 लाख 7 हजार 421 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। पिछले साल 2025 में कुल 51 लाख श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा की थी, ऐसे में इस बार नया रिकॉर्ड बनने की संभावना जताई जा रही है।
चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यात्रा मार्गों और धामों में CCTV कैमरों व ड्रोन से निगरानी की जा रही है। बढ़ती संख्या के कारण केदारनाथ और बद्रीनाथ मार्ग पर ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन रही है। वहीं यात्रा से स्थानीय कारोबारियों को बड़ा फायदा मिला है। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, टैक्सी, घोड़ा-खच्चर सेवा और टूर एंड ट्रैवल्स से जुड़े लोगों का कारोबार तेजी से बढ़ा है। कठिन रास्तों और घंटों इंतजार के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिख रही है।




