चेहरे पर कॉकरोच मास्क, हाथों में फूल ! CJP के प्रदर्शन में दिखा ”GEN-Z” का अलग अंदाज…

दिल्ली : कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभिजीत दीपके आज  शनिवार को जंतर-मंतर पहुंचे और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी देखने को मिली। कई समर्थक कॉकरोच थीम वाले मास्क पहनकर पहुंचे, जबकि कुछ लोग हाथों में फूल लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते नजर आए।

इस आंदोलन में स्कूली छात्र, कॉलेज विद्यार्थी और युवा पेशेवर बड़ी संख्या में शामिल हुए। कई छात्र अपने अभिभावकों के साथ भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाते हुए जमकर नारेबाजी की।इस दौरान अभिजीत दीपके ने समर्थकों को संबोधित करते हुए आंदोलन को पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन लोकतांत्रिक दायरे में रहकर किया जाना चाहिए।

उधर, दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी को जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन की अनुमति प्रदान की है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कार्यालय की ओर से जारी अनुमति पत्र के अनुसार, अभिजीत दीपके के आवेदन पर 6 जून 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदर्शन की मंजूरी दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अनुमति विशेष परिस्थितियों में एक बार के लिए दी गई है और कार्यक्रम सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों व निर्धारित नियमों के अनुरूप आयोजित किया जाएगा।

सीजेपी का कहना है कि यह आंदोलन NEET, CBSE, CUET और SSC जैसी प्रमुख परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ियों के विरोध में आयोजित किया गया है। पार्टी ने देशभर के समर्थकों से सीधे जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।इस प्रदर्शन को सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का भी समर्थन मिला है, जिससे आंदोलन को और अधिक चर्चा मिल रही है।

About The Author