रांची: झारखंड के चाईबासा जिले के सारंडा जंगल के दीघा क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा किया गया आईईडी ब्लास्ट सुरक्षा बलों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। शुक्रवार, 8 अगस्त 2025 को सुबह करीब 11 बजे कोबरा बटालियन 209 के दो जवान नक्सल विरोधी अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से बिछाए गए आईईडी की चपेट में आ गए।
घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर रांची में भर्ती कराया गया
घायल जवानों की पहचान राम प्रवेश सिंह और छोटू कश्यप के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से रांची के राज अस्पताल लाया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। झारखंड पुलिस के आईजी मनोज कौशिक ने अस्पताल पहुंचकर जवानों का हालचाल जाना।
नक्सलियों की कायराना हरकत और सुरक्षा बलों की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए जंगल में आईईडी बिछाई थी। इस घटना के बाद इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीमें नक्सलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही हैं ताकि क्षेत्र को सुरक्षित बनाया जा सके।
