
उधमपुर, जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के बसंतगढ़ क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सीआरपीएफ की 187वीं बटालियन के जवानों को ले जा रहा वाहन कडवा इलाके में 200 फीट गहरी खाई में गिर गया, जिसमें तीन जवानों की मौत हो गई और 10 से अधिक गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा उस वक्त हुआ जब सभी जवान एक अभियान (ऑपरेशन) से लौट रहे थे। वाहन में कुल 23 जवान सवार थे। बताया जा रहा है कि दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल 16 जवानों को अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान एक और जवान ने दम तोड़ दिया।
मौके पर पहुंचे राहत दल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए। एडिशनल एसपी संदीप भट ने बताया कि बचाव कार्य तेजी से चलाया गया और सभी घायलों को बसंतगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ जवानों की हालत नाजुक बनी हुई है।
LG मनोज सिन्हा ने जताया शोक
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा,
“उधमपुर के पास एक दुर्घटना में सीआरपीएफ कर्मियों की मृत्यु से दुखी हूं। हम राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। वरिष्ठ अधिकारियों को सर्वोत्तम संभव देखभाल और सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।”
जांच जारी, कारणों का पता लगाया जा रहा
हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वाहन खाई में कैसे गिरा – ब्रेक फेल होने से, सड़क की स्थिति खराब होने से या किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण।
देश भर में शोक की लहर
इस घटना ने पूरे देश को दुखी कर दिया है। देशवासी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं और घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
हम शहीदों को नमन करते हैं और उनके परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हैं।