
भोपाल : मॉडल और अभिनेत्री त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत से जुड़े हाईप्रोफाइल मामले में आज मंगलवार को विशेष अदालत में उस समय तीखी बहस देखने को मिली, जब सीबीआई ने पांच दिन की रिमांड पूरी होने के बाद पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को पेश किया। एजेंसी ने इस बार दोनों आरोपितों की पुलिस रिमांड नहीं मांगी। जिसके बाद कोर्ट ने दोनों आरोपितों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। यानी आरोपित मां-बेटे फिलहाल 16 जून तक जेल में रहेंगे। दोनों को केंद्रीय जेल में अन्य कैदियों से अलग रखा जाएगा।

इससे पहले अदालत की कार्यवाही के दौरान पूर्व जज गिरिबाला सिंह का आक्रामक रुख देखने को मिला। वह स्वयं अपनी पैरवी करती नजर आईं और मीडिया कवरेज को लेकर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। कठघरे में खड़ी गिरिबाला ने कहा कि मामले में लगातार मीडिया ट्रायल चल रहा है, जिससे उनकी सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है।उन्होंने अदालत से कहा कि जहां भी वे जाती हैं, मीडिया उनका पीछा करता है। सीबीआई द्वारा सीन रिक्रिएशन के दौरान उन्हें घर से कुछ दूरी पर उतारे जाने और उससे जुड़ी फुटेज मीडिया तक पहुंचने पर भी उन्होंने सवाल उठाए। गिरिबाला ने कहा कि यदि जांच एजेंसी चाहती तो वाहन सीधे उनके घर तक ले जाया जा सकता था।सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक किए जाने के आरोपों को भी उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया। अदालत में उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनकी ओर से कोई भी सीसीटीवी फुटेज जारी नहीं की गई है।सुनवाई के दौरान त्विषा शर्मा और समर्थ सिंह के पक्ष के अधिवक्ताओं के बीच भी तीखी नोकझोंक और बहस देखने को मिली। अदालत परिसर में पूरे मामले को लेकर काफी गहमागहमी रही। उधर, सीबीआई ने अदालत को बताया कि फिलहाल एजेंसी न्यायिक हिरासत की मांग कर रही है।

इस बीच जांच एजेंसी ने मामले के वित्तीय और दहेज प्रताड़ना संबंधी पहलुओं की पड़ताल भी तेज कर दी है। सूत्रों के अनुसार, शादी के समय त्विषा शर्मा को मायके और रिश्तेदारों से मिले सोने के आभूषणों और अन्य स्त्रीधन को जब्त करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए एक जौहरी को भी बुलाया गया है, जो बरामद होने वाले जेवरों की शुद्धता और वर्तमान बाजार मूल्य का आकलन करेगा। इन साक्ष्यों को जांच डायरी का हिस्सा बनाया जा सकता है।गौरतलब है कि त्विषा शर्मा की 12 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुरुआती जांच के बाद मामला सीबीआई को सौंपा गया था। एजेंसी अब मौत की परिस्थितियों, कथित प्रताड़ना और अन्य पहलुओं की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।



