
नई दिल्ली : सलमान खान के चर्चित काला हिरण शिकार मामले पर आधारित बताई जा रही फिल्म ‘काला हिरण’ का पोस्टर हाल ही में जारी किया गया था। निर्माताओं ने इसके साथ जल्द टीजर रिलीज करने की घोषणा भी की थी। हालांकि, फिल्म के रिलीज से पहले ही यह विवादों में आ गई है।

जानकारी के अनुसार, अभिनेता सलमान खान की कानूनी टीम ने फिल्म के निर्माताओं को नोटिस भेजा है। नोटिस में अभिनेता के नाम, छवि और अभी न्यायालय में लंबित मामले से जुड़े तथ्यों के उपयोग पर आपत्ति जताई गई है।फिल्म के निर्माता अमित जानी ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर इस नोटिस का स्क्रीनशॉट साझा किया है। इसके साथ उन्होंने आरोप लगाया कि सलमान खान की ओर से नोटिस भेजकर फिल्म से जुड़े लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।फिलहाल इस मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता नजर आ रहा है, जबकि फिल्म के टीजर का इंतजार किया जा रहा है।





