Breaking: एवियशन डिपार्टमेंट जमीन पर, एक बार फिर VVIP मूवमेंट वाला हेलीकॉप्टर ख़राब, प्रत्येक उड़ान पर मोटी रकम खर्च करने के बावजूद घटिया हवाई सेवा, मुख्यमंत्री साय के सुशासन तिहार पर भ्रष्टाचार हावी, दूसरे हेलीकॉप्टर ने भरी उड़ान….

0
32

रायपुर। Breaking: छत्तीसगढ़ में एवियशन घोटाला उजागर होने के बावजूद मुख्यमंत्री समेत अन्य VVIP की सुरक्षा को लेकर लगातार जोखिम बढ़ता जा रहा है। आसमानी उड़ान के लिए विशेष सेवा प्रदान कर रही एक प्राइवेट कंपनी के हेलीकॉप्टर ने परम्परानुसार फिर उड़ान भरने से इंकार कर दिया। बताते है कि हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने के चलते मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आकस्मिक दौरे के लिए समय पर रवाना नहीं हो सके। सेवा शर्तों के अनुरूप हवाई सेवा मुहैया नहीं कराने के चलते सीएम के लिए दूसरा हेलीकॉप्टर मनाया गया। काफी देर तक इंतज़ार करने के बाद मुख्यमंत्री पुलिस परेड ग्राउंड से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।

छत्तीसगढ़ में राज्य की बीजेपी सरकार की महती मुहीम के अंतर्गत मुख्यमंत्री साय ने अब प्रदेश का आकस्मिक दौरा शुरू कर दिया है। सुशासन तिहार के तहत किसी भी गांव-कस्बों में सरकार की योजनाओं की नब्ज टटोलने के लिए मुख्यमंत्री साय का उड़नखटोला अब आकाश में मंडराने लगा है। आम जनता की समस्याओं को लेकर प्रदेश के विभिन्न इलाकों से 40 लाख से अधिक आवेदन सरकार को प्राप्त हो चुके हैं। यह जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार के महत्वपूर्ण योजनाओं की जमीनी जानकारी ली जाएगी। आज मंत्री, सांसद और विधायक भी समाधान शिविरों में जाएंगे। इसके साथ ही वे जिलों का औचक निरीक्षण कर समीक्षा बैठक भी लेंगे। इन औचक दौरों के माध्यम से प्रशासनिक तंत्र में कसावट लाने और सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।

आज यानी 5 मई से ‘सुशासन तिहार’ के तीसरे चरण की शुरुआत हो गई है। इस विशेष अभियान के दौरान मुख्यमंत्री किसी भी समय, किसी भी जिले या गांव में अचानक पहुंच सकते हैं। सीएम साय का दौरा पूरी तरह गोपनीय रखा गया है। प्रशासन से लेकर आम जनता तक, किसी को भी इस बात की जानकारी नहीं दी जा रही है कि मुख्यमंत्री साय कब और कहां पहुंचेंगे। जानकारी के मुताबिक भीषण गर्मी के इस दौर में सीएम साय किसी भी जिले में पहुंचकर आमजनों से सीधे संवाद करेंगे और ग्रामीणों से मिलकर योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लेंगे।

वे समाधान शिविरों में भी शामिल होंगे और लोगों की समस्याओं को मौके पर ही सुनकर समाधान की दिशा में कार्य करेंगे। छत्तीसगढ़ एवियशन डिपार्टमेंट सुर्खियां बटोर रहा है। उसके भ्रष्टाचार के अवशेष जमीन से लेकर आसमान तक उछाल मार रहे है, ऐसे में VVIP की सुरक्षा भी जोखिम भरी नजर आ रही है। मुख्यमंत्री के हलोकॉप्टर में आई खराबी के कारणों को लेकर कोई विभागीय जानकारी प्राप्त नहीं हो पाई है, तय समय के दौरान हेलीकॉप्टरों के उड़ान नहीं भरने से सरकारी कार्यक्रमों के प्रभावित होने के मामलों को लेकर प्रशासनिक हलकों में गहमा-गहमी है। फ़िलहाल, उड़नखटोलों के समय पर उड़ान नहीं भरने के बढ़ते मामलों की जांच को लेकर एवियशन डिपार्टमेंट की चुप्पी हैरान करने वाली बताई जाती है।