पहलगाम के मृतकों की आज अंतिम विदाई: गुजरात में एक साथ उठीं पिता-पुत्र की अर्थियां, पुणे में बेटी ने दी पिता के शव को मुखाग्नि, दिनेश मिरानिया के अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हुए शामिल 

0
33

पूरे देश के अलग-अलग राज्यों के इन मृत पर्यटकों के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया चल रही है। हमले में मारे गए गुजरात के पिता-पुत्र की अर्थियां एक साथ उठीं तो पूरे शहर की आंखें नम हो गईं। वहीं पुणे में एक बेटी ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। पिता की चिता से उठती आग को देख रही बिटिया की आंखों में भी न्याय की चाह दिखी।

पहलगाम हमले में मारे गए पुणे के कौस्तुभ गणबोटे के जीवन का पहला सफर ही आखिरी बन गया। स्नैक्स कारोबारी गणबोटे अपने दोस्त संतोष जगदाले के परिवार के साथ जम्मू-कश्मीर गए थे। यह पहली बार था जब उन्होंने और उनकी पत्नी संगीता ने शहर से बाहर यात्रा करने का फैसला किया था। उन्होंने अपने करीबी दोस्त संतोष और उसके परिवार के साथ मिलकर इस यात्रा की योजना बनाई थी।

जम्मू कश्मीर के पहलगाम में मारे गए छत्तीसगढ़ के कारोबारी दिनेश मिरानिया (Dinesh Mirania) का आज रायपुर में अंतिम संस्कार किया गया। बेटे शौर्य ने दिनेश मिरानिया को मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में राज्यपाल रामेन डेका, CM साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, किरण सिंहदेव और स्पीकर रमन सिंह भी मौजूद रहे। अंतिम यात्रा निकलने से पहले कारोबारी की पत्नी नेहा बेहोश हो गईं थी, उन्हें परिजन घर के अंदर लेकर गए।

पहलगाम में क्रूर आतंकी हमले में मारे गए नेवी के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल (Vinay Narwal) का बुधवार को करनाल में अंतिम संस्कार हो गया। विनय नरवाल की बहन ने ही उनका अंतिम संस्कार किया। पूरा परिवार और इलाका इससे सदमे में था और हजारों लोगों की भीड़ इस मौके पर पहुंची थी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी जब करनाल में उनके घर पहुंचे तो विनय नरवाल की छोटी बहन ने आपा खो दिया। भाई को खोने से बदहवास बहन ने रोते-रोते आरोप लगाया कि आतंकी हमले में गोलियां लगने के बाद भी विनय नरवाल काफी देर तक जिंदा थे, लेकिन कोई मदद के लिए नहीं पहुंचा।

पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले यूपी के कानपुर के शुभम द्विवेदी (Shubham Dwivedi) पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। जैसे ही घर से ड्योढ़ी घाट के लिए शव यात्रा निकली। पत्नी चीख पड़ीं। पत्नी ने 2 दिन से अपने पति की शर्ट पहन रखी थी। उन्होंने वह शर्ट उतारी। उसे सीने से लगाया, फिर फूट-फूटकर रोने लगीं। उन्होंने वह शर्ट उतारी। उसे सीने से लगाया, फिर फूट-फूटकर रोने लगीं। यह देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।