
मुंबई की ओशिवारा पुलिस ने फिल्म अभिनेत्री पूनम दासगुप्ता को कथित तौर पर अश्लील वीडियो और आपत्तिजनक तस्वीरें भेजने के आरोप में 65 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को दक्षिण मुंबई के नागपाड़ा इलाके से पकड़ा, जहां वह एक कैथोलिक आश्रम में रहकर काम कर रहा था।अभिनेत्री ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उन्हें एक अनजान व्हाट्सएप नंबर से लगातार आपत्तिजनक वीडियो और अश्लील तस्वीरें भेजी जा रही थीं। शिकायत मिलने के बाद डीसीपी मोहित कुमार गर्ग के निर्देश पर ओशिवारा पुलिस और साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने गूगल पर अभिनेत्री का नाम सर्च कर उनका मोबाइल नंबर हासिल किया और फिर व्हाट्सएप पर अश्लील वीडियो भेजे। आरोपी ने यह भी कबूल किया कि उसने इसी तरह एक अन्य अभिनेत्री को भी आपत्तिजनक कंटेंट भेजा था।पुलिस के मुताबिक, घटना 27 अप्रैल की है। वीडियो मिलने के बाद अभिनेत्री ने तुरंत उस नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन जवाब नहीं मिला। बाद में उन्होंने आरोपी का नंबर ब्लॉक कर अपने पति को पूरी जानकारी दी और 29 अप्रैल को ओशिवारा पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।



