मछली जल की रानी है, जीवन उसका पानी है, रायपुर एयरपोर्ट मार्ग पर उछलती-कूदती ‘मछली’, एक ही झटके में ‘विष्णु सरकार’ हो गए कर्जदार, देखे वीडियो…

0
38

रायपुर: मछली जल की रानी है, जीवन उसका पानी है, हाथ लगाओ डर जाएगी, बाहर निकालों मर जाएगी, ये कविता शायद ही कोई हो, जिसने ना सुनी हो। रायपुर के एयरपोर्ट मार्ग पर हज़ारों की तादात में तड़पती-मरती, उछलती और वाहनों के तले दबती मछलियों को देखकर लोग हैरत में पड़ गए। उन्हें सहसा ये कविता याद आ गई। उसे चरितार्थ होते देखकर लोगों का चेहरा विस्मृत हो गया। दरअसल, एयरपोर्ट के करीब PTS चौंक के पास एक वाहन अचानक हादसे का शिकार हो गया। इस वाहन में मछलियां रखकर करीब के तालाब की ओर ले जाई जा रही थी। पीड़ितों के मुताबिक विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ़्तार कार को देखकर टाटा मैजिक वाहन के चालक ने अचानक ब्रेक लगा लिया। इस दौरान वाहन बेकाबू हो कर पलट गया।

इस वाहन में मछलियां ढोई जा रही थी। उसमे रखे बीकर सड़क पर गिर गए, उसके साथ मछलियां भी पानी के बहाव में सड़कों पर आ गई। देखते ही देखते हज़ारों की तादात में मछलियां सड़क पर उछल-कूद-तड़पने लगी। चंद पलों में ही बिन पानी उनके प्राण पखेरू उड़ गए। आज सुबह एयरपोर्ट मार्ग पर जिस किसी ने भी इस नज़ारे को देखा, वो हैरत में पड़ गया। आम राहगीरों से लेकर एयरपोर्ट मार्ग पर आवाजाही कर रहे सैकड़ों वाहनों की सड़क पर लंबी कतार लग गई। एक साथ हज़ारों मछलियां सड़कों पर लोगों का ध्यान अनायास खींच रही थी। कई लोगों ने घटना का वीडियो बनाया तो कुछ ने सड़कों पर उछलती मछलियों के बीच अपनी सेल्फी ली।

जानकारी के मुताबिक माना कैम्प निवासी विष्णु सरकार आरंग से कई किस्म की मछलियां लेकर एक तालाब की ओर रवाना हुए थे। इस घटना ने उन्हें कर्जदार बना दिया है। सड़कों पर बिखरी मछलियों को सहेजते हुए विष्णु सरकार बताते है कि इस हादसे में उनका भविष्य दांव पर लग गया है, कर्ज लेकर उन्होंने मछली पालन कारोबार की शुरुआत ही की थी, इससे पहले की मछलियां तालाब तक पहुँच पाती, उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया।

विष्णु के मुताबिक वे पहले माना कैंप से रायपुर शहर तक ऑटो चालन का कार्य करते थे। लेकिन इस मार्ग पर बस सेवाओं के चलते धंधा चौपट हो गया। उन्होंने नया कारोबार शुरू करने के लिए पत्नी के जेवर बेच कर 50 हज़ार का बंदोबस्त किया था। तालाब के किराये समेत अन्य व्यावसायिक जरूरतों के लिए अलग से 50 हज़ार का कर्ज लेकर आरंग से विभिन्न किस्म की मछलियां और उनके बीज लेकर लौट रहे थे।

इस दुर्घटना में विष्णु सरकार को भी हाथ-पैरों में चोट आई है। फ़िलहाल, चंद पलों के इस नज़ारे ने कई लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। सड़कों पर मछलियों के निकलते दम के साथ ही साथ विष्णु सरकार की भी आह निकलती रही। उसके सपने सड़कों पर ही दम तोड़ते नजर आये। हालांकि हादसे के कुछ ही मिनटों बाद पुलिस और स्थानीय कर्मियों ने मार्ग से मछलियों को सड़क किनारे ठिकाने लगा दिया। फिर आवागमन ने भी सुचारु ढंग से अपनी गति पकड़ ली।