रांची: झारखंड के लातेहार में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की राज्यसभा सांसद महुआ मांझी की कार का एक्सीडेंट हो गया है। हादसे में महुआ मांझी की हालत गंभीर बताई जा रही है। महुआ को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स में भर्ती करवाया गया है। हादसे में सांसद के परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, महुआ की कार होटवाग सदर थाना क्षेत्र के NH 75 पर खुशबू ढाबा के पास खड़े एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार ड्राइवर, सांसद महुआ, उनके बेटे सोमबित मांझी और बहू कृति भी घायल हो गए। सदर अस्पताल के अनुसार, महुआ मांझी के बाएं हाथ की कलाई में फ्रैक्चर हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए रांची भेज दिया गया।
सदर अस्पताल में इलाज के बाद सांसद के बेटे ने रांची ले जाने के लिए एंबुलेंस की मांग की। हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन ने करीब एक घंटे तक देरी की। उन्होंने निराशा जताते हुए कहा कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई। आखिरकार लातेहार थाना प्रभारी दुलाड़ चौधरी के हस्तक्षेप के बाद एंबुलेंस की व्यवस्था की गई और घायलों को रिम्स रांची पहुंचाया गया।