
भोपाल,। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश के कई शहर इन दिनों आग उगल रहे हैं। आज गुरुवार को पूरे प्रदेश में हीट वेव की चेतावनी जारी की है। जबकि 7 जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को राज्य के 16 शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। खजुराहो, नौगांव, निवाड़ी, दतिया और राजगढ़ सबसे ज्यादा गर्म जिलों में शामिल रहे। खजुराहो में गर्मी ने 33 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मई महीने में अब तक का सबसे अधिक तापमान है। इसके साथ ही खजुराहो देश का दूसरा और दुनिया का चौथा सबसे गर्म शहर बन गया। इससे पहले 29 अप्रैल 1993 को यहां 46.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था।
गुरुवार को जिन जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट घोषित किया गया है, उनमें भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना शामिल है। इन जिलों में तापमान 45 डिग्री या उससे अधिक पहुंचने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, रायसेन, दमोह, कटनी, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, रतलाम और झाबुआ समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, नीमच, मंदसौर, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, देवास, हरदा, खंडवा, खरगोन, धार, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, बालाघाट और शहडोल सहित कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 23 मई तक प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा और लोगों को फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इसके बाद नौतपा शुरू होगा, जिसके दौरान भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में तेज गर्मी पड़ने के आसार हैं।




