Mahakumbh 2025: किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरि पर धारदार हथियार से हमला, तीन शिष्य भी घायल, जांच में जुटी पुलिस…  

0
22

MahaKumbh Mela: किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कण्याणीनंद गिरि उर्फ छोटी मां पर गुरुवार देर रात प्राणघातक हमला हुआ। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। बचाव में आए तीन अन्य शिष्य भी घायल हो गए। सभी को देर रात महाकुंभ नगर के केंद्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। इससे पहले इस अखाड़े की महामंडलेश्वर हिमांगी सखी पर हमला हुआ था। महामंडलेश्वर कल्याणीनंद गिरि पर देर रात हमला तब हुआ जब वह सेक्टर 16 स्थित किन्नर अखाड़े से निकलकर अपनी फॉर्च्यूनर कार से घर सदियापुर जा रही थीं।

अखाड़े से निकलने के बाद संगम लोवर मार्ग पर कुछ दूर बढ़ते ही लोगों ने आशीर्वाद लेने के बहाने कार रोकी। कार रुकने के बाद पहले से रास्ते में खड़े लोगों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बचाव में आए उनके तीन शिष्यों पर भी हमलावरों ने वार किए। इसमें कल्याणी नंद समेत चार लोग घायल हो गए। हमले की जानकारी मिलने के बाद किन्नर अखाड़े में अफरा तफरी मच गई। कई शिष्य और संत कुछ देर में ही घटनास्थल पर पहुंच गए। सभी को इलाज के लिए महाकुंभ के सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल में मौजूद वैष्णवी आनंद गिरि ने बताया कि हमलावर पहले से रास्ते में घात लगाए हुए थे। इससे पहले बीती 9 फरवरी को परी अखाड़े की जगद्गुरु हिमांगी सखी ने कल्याणी नंद गिरी समेत आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी, कौशल्या नंद गिरि पर मारने-पीटने का आरोप लगाया था। फ़िलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।