मौनी अमावस्या का महास्नान कल, संगम से सड़क तक श्रद्धा का रेला, पहले ही लागू किया गया वनवे

0
81

महाकुंभ में 40 से 45 करोड़ लोगों के स्नान करने की उम्मीद है। यह आंकड़ा छूता भी दिख रहा है। मेला प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार मौनी अमावस्या से एक दिन पहले ही स्नानार्थियों की कुल संख्या 15 करोड़ को पार कर जाने की उम्मीद है। रविवार तक 13.21 करोड़ लोग स्नान कर चुके थे। सोमवार को भी एक करोड़ से अधिक लोगों ने स्नान किया। मौनी अमावस्या से पहले मंगलवार को भी एक करोड़ से अधिक लोगों के स्नान की संभावना है। ऐसे में मौनी अमावस्या से एक दिन पहले ही स्नानार्थियों की कुल संख्या 15 करोड़ को पार कर जाने की उम्मीद है।

मौनी अमावस्या के पहले ही अनुमान से ज्यादा भीड़ आ जाने के चलते प्रयागराज जंक्शन पर तय समय के पहले ही वनवे लागू कर दिया गया है। यहां यात्रियों को सिटी साइड से प्रवेश और सिविल लाइंस साइड से निकास दिया जा रहा है। 31 जनवरी की रात 12 बजे तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। अगर भीड़ कम न हुई तो वनवे को बढ़ाया भी जा सकता है।

प्रयागराज जंक्शन पर वनवे सोमवार से ही लागू हो गया। अब आधी रात के बाद प्रयागराज छिवकी, नैनी जंक्शन, प्रयाग जंक्शन, फाफामऊ, सूबेदारगंज, झूंसी और प्रयागराज रामबाग रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों को एक ओर से प्रवेश तो दूसरी ओर से निकास दिया जाएगा। इन सभी स्टेशनों पर यह व्यवस्था 31 जनवरी की रात 12 बजे तक लागू रहेगी। उधर, जंक्शन पर सिविल लाइंस साइड से यात्रियों का प्रवेश रोकने के लिए फायर ब्रिगेड चौराहे पर टिन शेड की दीवार भी बना दी गई है।