
नई दिल्ली : देशभर में आम जनता को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। केंद्र सरकार ने शुक्रवार से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 3.25 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी का असर देश के कई बड़े शहरों में भी देखने को मिला। मुंबई में पेट्रोल 106 रुपये के पार पहुंच गया है, जबकि कोलकाता और चेन्नई में भी पेट्रोल-डीजल के दामों में तेज उछाल दर्ज किया गया। दक्षिण भारत के कई राज्यों में पेट्रोल की कीमतें पहले ही 110 रुपये प्रति लीटर के आंकड़े को पार कर चुकी हैं।

पेट्रोल-डीजल के साथ ही सीएनजी उपभोक्ताओं को भी राहत नहीं मिली। दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। नई दर लागू होने के बाद दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर में लोगों को अब ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी।मुंबई महानगर क्षेत्र में भी सीएनजी महंगी हो गई है। मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई समेत कई इलाकों में अब सीएनजी करीब 84 रुपये प्रति किलो बिक रही है।ईंधन कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से परिवहन खर्च बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि इसका असर रोजमर्रा की जरूरतों और बाजार कीमतों पर भी पड़ सकता है, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा।



