
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी ने तीखा हमला किया, जिसमें उन्होंने देशवासियों से सोना नहीं खरीदने, विदेश यात्रा कम करने और पेट्रोल का कम खर्च करने की अपील की थी. राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी “कंप्रोमाइज्ड” हैं, इसलिए वे देश चलाने में सक्षम नहीं हैं.विपक्ष के नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री के शब्द “विफलता का प्रमाण” हैं.गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा, “कल मोदीजी ने जनता से त्याग करने का आह्वान किया – सोना न खरीदें, विदेश यात्रा न करें, पेट्रोल का कम उपयोग करें, उर्वरक और खाना पकाने के तेल में कटौती करें, मेट्रो का उपयोग करें और घर से काम करें.”
राहुल ने कहा, “ये सलाह के शब्द नहीं हैं. ये विफलता का प्रमाण हैं.”गांधी ने कहा कि 12 वर्षों में देश ऐसी स्थिति में आ गया है कि अब जनता को यह बताना पड़ रहा है कि क्या खरीदें और क्या न खरीदें, कहां जाएं और कहां न जाएं. उन्होंने कहा कि वे बार-बार अपनी जवाबदेही से बचने के लिए जिम्मेदारी जनता पर डाल देते हैं.गांधी ने कहा, “‘समझौतावादी प्रधानमंत्री’ अब देश चलाने में सक्षम नहीं हैं.”कांग्रेस ने भी मोदी के उस बयान पर हमला किया, जिसमें उन्होंने नागरिकों से पेट्रोलियम उत्पादों का विवेकपूर्ण उपयोग करने का आग्रह किया था. कांग्रेस ने कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध के तीन महीने बीत जाने के बाद भी प्रधानमंत्री भारत की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के बारे में पूरी तरह से अनभिज्ञ हैं.विपक्षी दल ने कहा कि प्रधानमंत्री का लोगों को असुविधा में धकेलना “बेशर्म, गैरजिम्मेदाराना और सरासर अनैतिक” है, जबकि उन्हें इस वैश्विक संकट से देश की अर्थव्यवस्था को अप्रभावित रखने के लिए आकस्मिक योजनाएं बनानी चाहिए थीं.



