
जगदलपुर : छत्तीसगढ़ और आंध्रप्रदेश की सीमा पर सक्रिय नक्सली संगठन को बड़ा झटका लगा है। पांच लाख रुपये की ईनामी महिला नक्सली पोडियम लक्ष्मी ने आंध्रप्रदेश के अल्लुरी सीताराम राजू जिले में पुलिस अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। लंबे समय से DKSZC संगठन से जुड़ी लक्ष्मी बीजापुर जिले के उसुर थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक लक्ष्मी कई वर्षों से छत्तीसगढ़-आंध्रप्रदेश बॉर्डर इलाके में सक्रिय थी और नक्सली गतिविधियों में शामिल रही। आत्मसमर्पण के दौरान उसने अपने हथियार भी पुलिस के हवाले कर दिए। अधिकारियों ने बताया कि सरकार की पुनर्वास नीति और लगातार चलाए जा रहे अभियान से प्रभावित होकर उसने हिंसा का रास्ता छोड़ने का फैसला लिया।सरेंडर के बाद पुलिस अधिकारियों ने लक्ष्मी का स्वागत करते हुए उसे मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही शासन की पुनर्वास योजना के तहत आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। पुलिस का कहना है कि इससे अन्य नक्सलियों को भी आत्मसमर्पण के लिए प्रेरणा मिलेगी।



