नारायणपुर / छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है | राज्य के नारायणपुर जिले में एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने 5 माओवादियों को ढेर कर दिया है | इस घटना में 2 जवान भी घायल हुए हैं | सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच ये मुठभेड़ नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ के ओरछा-गुमरका के जंगल में हुई है | सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है और कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही है |
सूत्रों के मुताबिक जवानों को इलाके में नक्सली मूवमेंट की जानकारी मिली थी जिसके बाद वो सर्चिंग ऑपरेशन के लिए निकले थे | ओरछा इलाके में घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग कर दी | मोर्चा संभालते हुए जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की | बताया जा रहा है कि फोर्स और नक्सलियों के बीच करीब एक घंटे तक लगातार फायरिंग होती रही | सुरक्षाबलों ने मुठभेड़स्थल की तलाशी ली तो वहां उन्हें मारे गए पांचों नक्सलियों के शव और हथियार बरामद हुए | बस्तर आईजी विवेकानंद सिन्हा ने मुठभेड़ की पुष्टि की है | इस एनकाउंटर में दो जवान घायल हो गए हैं | प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें इलाज के लिए बड़े अस्पताल में भेज दिया गया है |
