Weather: देश के 19 राज्यों में आज से तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी, गुजरात से असम तक बाढ़ का कहर, कर्नाटक-महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट, छत्तीसगढ़ में मानसून की आंख मिचौली से किसान परेशान…..  

0
48

नई दिल्ली/ मुंबई/रायपुर/ भोपाल। Weather: देश के ज्यादातर राज्यों में मानसून के रफ़्तार पकड़ने से बाढ़ और जल भराव के हालत बन गए है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड से लेकर पूर्वोत्तर और महाराष्ट्र, केरल और कर्नाटक तक झमाझम बारिश से बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। नदियां – तालाब उफान पर हैं। यूपी की तर्ज पर गुजरात से लेकर बिहार और असम तक बाढ़ का कहर देखने को मिल रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने सोमवार को यूपी समेत 19 राज्यों में अगले तीन दिन भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। केरल, गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक और गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में मंगलवार को भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड में 17-18, पूर्वी राजस्थान में 18, ओडिशा में 19 और आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 18-19 जुलाई को भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट है। उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पूर्वोत्तर और दक्षिण के राज्यों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जानकारी के मुताबिक बीते 24 घंटे में कई राज्यों में भारी बारिश के चलते अलर्ट जारी किया गया है। गुजरात के वलसाड और नवसारी में घरों में कई फुट तक पानी घुस गया है। केरल के सात जिलों और कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में भारी बारिश के चलते सोमवार को स्कूल-कॉलेज बंद रहे।

उधर जम्मू – कश्मीर में भी लगातार बारिश हो रही है। अनंतनाग में बादल फटने और कई मकानों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली है। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के डूरू इलाके में रविवार देर रात बादल फटने से बाढ़ आ गई। इसके चलते कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है। जबकि छत्तीसगढ़ में बारिश ने जुलाई महीने का औसतन रिकॉर्ड तो दर्ज कर लिया है। लेकिन खंड वर्षा से किसानों का हाल बेहाल हो रहा है। बताते है कि प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बारिश तो हो रही है, लेकिन काफी रुक – रुक कर। प्रदेश के लगभग दो दर्जन जिलों से खंड वर्षा की जानकारी सामने आ रही है।

ऐसे में उन किसानो की चिंता बढ़ गई है, जिनके पास खुद के नलकूप और दूसरे जल श्रोत नहीं है। खेती किसानी के लिए मानसून पर निर्भर रहने वाले किसानों कों बुआई और रोपे के लिए पानी की किल्लत होना शुरू हो गई है। हालांकि मानसून के रुख में बदलाव के आसार भी स्थानीय वैज्ञानिक जाहिर कर रहे है। उधर बाढ़ और राहत, बचाव कार्य पर केंद्र की निगाहे है। गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम योगी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा से बात की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश, असम और गुजरात के मुख्यमंत्रियों से सोमवार को बात की और बाढ़ व भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया।

सूत्रों ने बताया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने फोन पर हुई बातचीत में शाह को राज्य के मौजूदा हालात और अब तक उठाए गए कदमों की जानकारी दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अपने राज्यों में बारिश और बाढ़ से पैदा हुए हालात से गृह मंत्री को अवगत कराया है। बताते है कि शाह ने तीनों मुख्यमंत्रियों को स्थिति से निपटने के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद मुहैया कराने का आश्वासन दिया।