
भोपालः एमपी के भोपाल में से सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। यहां स्थित गांधी नगर में केंद्रीय जेल का एक कैदी फंदे से लटका मिला है। बताया गया कि कैदी गौशाला में काम करता था। वहां से लौटते वक्त वह एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मामले की जानकारी पर जेल अधिकारियों में हड़कंप मच गया। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे है।
जानकारी के अनुसार, कैदी नामक गुड्डु आदिवासी (53) निवासी बाड़ी, जिला रायसेन वर्ष 2017 में हत्या के मामले में भोपाल केंद्रीय जेल में बंद था। वह आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। रविवार को अन्य बंदियों के साथ गौशाला में काम करने गया था। शाम को सभी बंदी जेल लौट आए थे। लेकिन, गुड्डु पीछे रह गया। मामले की जानकारी पर जेल प्रहरी उसे ढूंढने निकले। इस दौरान बंदी पंप हाउस के पास जामुन के पेड़ पर दुपट्टे से बने फंदे से लटका मिला। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत की पुष्टि हुई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को हमीदिया अस्पताल की मर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। परिजनों के पहुंचने के बाद आज यानी सोमवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। मामले में जेल प्रबंधन और संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की जाएगी। इस घटना के बाद केंद्रीय जेल की सुरक्षा व्यवस्था गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस जांच में जुट गई है।





