
Samrat Choudhary Oath : बिहार में नीतीश युग का अंत और सम्राट चौधरी के शासन का आगाज का हो गया है। सम्राट चौधरी ने आज बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली है। बिहार के सियासी इतिहास में ये पहली बार हुआ कि भारतीय जनता पार्टी का सीएम बना है। भाजपा विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से मंगलवार को नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा 89 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है। चौधरी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जदयू में करीब 12 वर्ष बिताने के बाद वर्ष 2017 में भाजपा का दामन थामा था। राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने मंगलवार को राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके साथ ही राजनीतिक रूप से सबसे संवेदनशील गिने जाने वाले राज्यों में से एक बिहार में करीब दो दशक तक सत्ता की धुरी रहे नीतीश कुमार का दौर बीत गया है। नीतीश कुमार ने राज्य सभा का सदस्य चुने जाने के बाद पिछले सप्ताह सदन की सदस्यता की शपथ ले ली है। सुशासन बाबू के नाम से लोकप्रिय कुमार का राज्य के अलावा केंद्र सरकार में भी मंत्री के रूप में काम करने का बड़ा अनुभव रहा है। वह पहले लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं और पहली बार राज्यसभा में गये हैं।




