
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हंगरी के संसदीय चुनावों में पीटर मग्यार और उनकी टिस्जा पार्टी की निर्णायक जीत पर सोमवार को बधाई दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा यह पोस्टसोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “पीटर मग्यार और टिस्जा पार्टी को आपकी निर्णायक चुनावी जीत पर दिल से बधाई। भारत और हंगरी गहरी दोस्ती, साझा मूल्यों तथा आपसी सम्मान से जुड़े रहे हैं। मैं आपके साथ मिलकर काम करने और हमारे दोनों देशों के लोगों की खुशहाली एवं भलाई के लिए भारत-यूरोपीय संघ की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने को लेकर उत्सुक हूं।”पीटर मग्यार की पार्टी को हंगरी की संसद में मिला भारी बहुमतयह बधाई हंगरी में 12 अप्रैल को हुए संसदीय चुनावों के नतीजों के बाद आई है। इन चुनावों में पीटर मग्यार की टिस्जा पार्टी को संसद में भारी बहुमत मिला है, जिससे विक्टर ओरबान का 16 साल लंबा शासन समाप्त हो गया। फिडेज पार्टी ने लगभग सभी वोटों की गिनती के बाद अपनी हार स्वीकार कर ली।इस चुनाव में रिकॉर्ड संख्या में मतदान हुआ, जो हंगरी की जनता की मजबूत भागीदारी को दर्शाता है। विक्टर ओरबान 2010 से लगातार सत्ता में थे और उन्होंने देश की शासन व्यवस्था में काफी बदलाव किए थे। उनके कार्यकाल को यूरोपीय संघ में न्यायिक स्वतंत्रता, प्रेस की आजादी और नागरिक स्वतंत्रताओं को लेकर बार-बार विवादों और तनाव का कारण माना जाता रहा।पीएम मोदी का संदेश भारत और हंगरी के बीच मजबूत और स्थिर संबंधों को करता है रेखांकित प्रधानमंत्री मोदी का यह संदेश भारत और हंगरी के बीच लंबे समय से चले आ रहे मजबूत और स्थिर संबंधों को रेखांकित करता है। दोनों देशों के बीच राजनीतिक और आर्थिक उतार-चढ़ाव के बावजूद संबंध हमेशा सौहार्दपूर्ण और सम्मानजनक रहे हैं।पीएम मोदी ने दोनों देशों के बीच सहयोग को और गहरा करने की जताई उम्मीदबुडापेस्ट में नई सरकार के गठन के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के बीच सहयोग को और गहरा करने की उम्मीद जताई है, खासकर भारत और यूरोपीय संघ की व्यापक रणनीतिक साझेदारी के संदर्भ में।पीटर मग्यार की इस बड़ी जीत को न सिर्फ हंगरी की घरेलू राजनीति, बल्कि यूरोप में और भारत जैसे महत्वपूर्ण वैश्विक साझेदारों के साथ हंगरी के भविष्य के संबंधों के लिए भी एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है।




