
रायपुर/कांकेर : छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद का सफाया हो चुका है,केंद्र और राज्य सरकार इसका एलान भी कर चुके है| हालिया,31 मार्च 2026 को फ़ाइनल डेड लाइन घोषित कर सरकार ने नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ का नारा दिया है| इस बीच कांकेर के घने जंगलों में रूपी नामक एक महिला नक्सली को ठिकाने लगाने की जानकारी सामने आई है| बताया जाता है,कि एनकाउंटर के दौरान रूपी मारी गई | उसकी गिनती आखिरी महिला कमांडर के रूप में की जा रही थी| एक सर्च अभियान में रूपी की मुठभेड़ में मौत की पुष्टि की जा रही है |

छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान अभी भी जारी है, कांकेर के पखांजूर इलाके में माचपल्ली के जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की जानकारी सामने आई है। इसमें कथित नक्सली दलम मेढकी LOS कमांडर रूपी को मुठभेड़ में मार गिराया गया है | पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। रूपी ने हथियार डालने से इंकार कर दिया था| कांकेर जिले के एसपी निखिल राखेचा के अनुसार, बस्तर क्षेत्र में सक्रिय अधिकांश बड़े नक्सली कैडर या तो मुठभेड़ों में मारे जा चुके हैं या आत्मसमर्पण कर चुके हैं। उनके मुताबिक, इस इलाके की अंतिम प्रमुख कमांडर के रूप में रूपी को देखा जा रहा था| उन्होंने दावा किया,कि रूपी के मारे जाने से नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

उधर,गरियाबंद जिले में भी नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है | छत्तीसगढ़ के गरियाबंद और ओडिशा की सीमा से लगे ढेकुनपानी के जंगलों में भी नक्सलियों की मौजूदगी दर्ज की गई है| यहाँ सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जानकारी के मुताबिक,CRPF की टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान सोनाबेड़ा अभ्यारण्य के पास ढेकुनपानी जंगलों में भारी मात्रा में विस्फोटक और संदिग्ध सामग्री बरामद की है। सुरक्षाबलों ने जब्त सामान में 70 जिलेटिन की छड़ों के अलावा 3 स्टील कंटेनर भी बरामद किए हैं | सुरक्षाबलों के मुताबिक,टिफिन बम तैयार करने में इस सामग्री का उपयोग किया जाता है। मौके से 4 बंडल इलेक्ट्रॉनिक वायर भी मिले हैं,अंदेशा जाहिर किया जा रहा है,कि बचे-कूचे नक्सली अभी भी विस्फोटकों के साथ किसी अप्रिय वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है |इधर,बस्तर संभाग के कई गांव-कस्बों में नक्सली आहट के मद्देनजर फ़ोर्स और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड़ पर है | पुलिस और केंद्रीय सुरक्षाबलों द्वारा अभियान चला कर नक्सलियों की खोजबीन की जा रही है |







