
नई दिल्ली। देश 26 जनवरी को 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गौरव के साथ मनाने जा रहा है। इस वर्ष मुख्य परेड की थीम ‘वंदे मातरम्’ रखी गई है। कर्तव्य पथ पर निकलने वाली झांकियां ‘स्वतंत्रता का मंत्र–वंदे मातरम्, समृद्धि का मंत्र–आत्मनिर्भर भारत’ विषय पर आधारित होंगी।
परेड के दौरान भारतीय वायुसेना के 29 विमान फ्लाईपास्ट करेंगे, जिनमें 16 लड़ाकू विमान, चार परिवहन विमान और नौ हेलिकॉप्टर शामिल होंगे। ये सभी कुल आठ फॉर्मेशन में उड़ान भरेंगे। खास बात यह है कि वायुसेना की फ्लाइट लेफ्टिनेंट अक्षिता धनकर औपचारिक परेड में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी।
कर्तव्य पथ पर एनक्लोजर के बैकग्राउंड में ‘वंदे मातरम्’ की पंक्तियों के साथ एक भव्य पेंटिंग बनाई जाएगी। वहीं मुख्य मंच पर पुष्प सज्जा के माध्यम से ‘वंदे मातरम्’ के रचयिता बंकिम चंद्र चटर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
30 झांकियां और आधुनिक रक्षा शक्ति का प्रदर्शन
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 17 तथा विभिन्न मंत्रालयों की 13 झांकियों समेत कुल 30 झांकियां परेड में शामिल होंगी। इसके साथ 18 मार्चिंग टुकड़ियां और 13 बैंड भी प्रस्तुति देंगे।
परेड में ब्रह्मोस और आकाश मिसाइल प्रणाली, मीडियम रेंज सरफेस टू एयर मिसाइल सिस्टम, एडवांस्ड टोएड आर्टिलरी गन सिस्टम, धनुष तोप, शक्तिबान और ड्रोन सिस्टम का स्टैटिक डिस्प्ले भी प्रदर्शित किया जाएगा। फ्लाईपास्ट में राफेल, सुखोई-30, अपाचे और एलसीएच हेलिकॉप्टर शामिल रहेंगे।
झांकियों के साथ करीब 2,500 कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 10,000 विशिष्ट अतिथियों को समारोह में आमंत्रित किया गया है।




