न्यूज डेस्क / पेट्रोल के आसमान छूते भाव के बीच लोग किफायती टू-व्हीलर्स और इलेक्ट्रिक गाड़ियों को ज्यादा तवज्जो दे रहे हैं | सरकार भी प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों पर लगातार जोर दे रही है | जापान की दुपहिया वाहन निर्माता कंपनी ओकिनावा टू-व्हीलर्स ने कुछ दिन पहले ही प्रेज प्रो स्कूटर लॉन्च किया है | यह कंपनी के बाजार में पहले से मौजूद प्रेज का अपग्रेडेड वर्जन बताया जा रहा है |
‘प्रेज’ ओकिनावा का हाईस्पीड स्कूटर है | इसका दिल्ली में एक्स शोरूम प्राइज 65,430 रुपये है | ओकिनावा के ‘प्रेज’ में 1000 वॉट की दमदार मोटर है | यह मोटर 3.35 bhp की पॉवर पैदा करती है | कंपनी का दावा है फुल चार्ज पर यह स्कूटर एक बार में 175 से 200 किमी की दूरी तय करता है | अगर आप हाई स्पीड से जाना चाहते हैं तो आप इसे सड़क पर 75 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ा सकते हैं |
स्कूटर की लॉन्चिंग के समय कंपनी ने दावा किया था कि इसे 1 KM चलाने का खर्च महज 10 पैसे है | यानी यदि आप 10 किमी की यात्रा प्रेज से करते हैं तो आपको 1 रुपये का खर्च आएगा | स्टाइलिश लुक वाले इस स्कूटर के दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक लगे हैं |

स्कूटर में तीन मोड इकोनॉमी, स्पोर्टी और टर्बो दी गई हैं | इकोनॉमी में यह 30 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पर दौड़ता है, स्पोर्टी में इसकी रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा की होती है | वहीं टर्बो की बात करें तो यह इसमें 75 किमी प्रति घंटा तक दौड़ सकता है | लेकिन सबसे ज्यादा माइलेज यह इकोनॉमी मोड में ही देता है | एक यूजर के अनुसार इकोनॉमी मोड में ढलान वाले रास्तों पर चलाने पर ओकिनावा प्रेज ने फुल चार्ज में 200 किमी से भी ज्यादा की दूरी तय की |
ओकिनावा प्रेज में डिटेचबल बैटरी लगाई गई है, यानी आप इस बैटरी को कहीं भी ले जाकर चार्ज कर सकते हैं | ओकिनावा ने प्रेज इलेक्ट्रिक स्कूटर में सेफ्टी फीचर्स का भी ध्यान रखा है | 12 इंच के व्हील के साथ ही ‘प्रेज’ के फ्रंट में ट्विन डिस्क ब्रेक्स हैं | इसके अलावा रियर में भी सिंगल डिस्क ब्रेक लगा है | रात में सड़कों पर कोई दिक्कत न हो, इसके लिए स्कूटर में डेटाइम रनिंग लाइट वाला एलईडी हैडलैंप है | स्कूटर में इसके अलावा भी कई बेहतरनी फीचर्स दिए गए हैं इनमें साइड-स्टैंड सेंसर, कीलेस एंट्री, फाइंड माय स्कूटर फंक्शन और एंटी थेफ्ट मैकेनिजम शामिल हैं |
