रायपुर / कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में से पांच के लिए शनिवार आधी रात को प्रत्याशियों की घोषणा कर दी | महासचिव मुकुल वासनिक द्वारा जारी सूची के मुताबिक कांग्रेस ने जिन सीटों से प्रत्याशी घोषित किए गए हैं, उसमें सरगुजा लोकसभा से खेलसाय सिंह, रायगढ़ से लालजीत सिंह राठिया, बस्तर से दीपक बैज, कांकेर से बीरेश ठाकुर और जांजगीर से रवि भारद्वाज शामिल हैं। इसमें से तीन विधायक हैं, खेलसाय सिंह प्रेमनगर, लालजीत सिंह राठिया धर्मजयगढ़ और दीपक बैज चित्रकोट के विधायक हैं। बीरेश ठाकुर भानुप्रतापपुर के पूर्व जनपद अध्यक्ष हैं, जबकि रवि भारद्वाज पूर्व सांसद परसराम भारद्वाज के पुत्र हैं। पांचों प्रत्याशी पहली बार लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरें हैं।
लालजीत सिंह राठिया : प्रत्याशी-रायगढ़

2013 में धर्मजयगढ़ से विधायक बने, वर्तमान में इसी सीट से विधायक हैं। मध्यक्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष हैं।
खेलसाय सिंह : प्रत्याशी-सरगुजा

1991 और 1999 में सांसद बने, 2004 में लोकसभा चुनाव हारे, 2013 और 2018 में प्रेमनगर से विधायक चुने गए।
रवि भारद्वाज : प्रत्याशी-जांजगीर चांपा

सारंगढ़ के पूर्व सांसद परसराम भारद्वाज के पुत्र व सतनामी समाज के नेता। विधानसभा चुनाव के लिए भी दावेदारी की थी।
दीपक बैज : प्रत्याशी-बस्तर

देश कांग्रेस का युवा चेहरा हैं। वर्ष 2013 में विधानसभा चुनाव में पहली बार चित्रकोट विधानसभा से विधायक चुने गए थे।
बीरेश ठाकुर : प्रत्याशी-कांकेर

भानुप्रतापपुर के पूर्व जनपद अध्यक्ष हैं। पिछले तीन विधानसभा चुनाव से कांकेर सीट से दावेदारी पेश कर रहे थे।
प्रदेश में चार लोकसभा सीटें आदिवासी वर्ग के लिए और एक एससी के लिए आरक्षित हैं। बाकी 6 सीटें सामान्य हैं। कांग्रेस महासचिव केसी वेणगुगोपाल की अध्यक्षता वाली कमेटी ने प्रत्याशी तय करने के लिए दिन में बैठक ली, जिसमें कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हुए। बैठक के बाद पुनिया ने बताया कि बैठक में प्रत्याशियों के नाम तय किए जा चुके हैं लेकिन अधिकृत घोषणा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के अनुमोदन के बाद की जाएगी। इस बीच देर रात पहली लिस्ट आ गई।