रायपुर / छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को बड़ा पॉलिटिकल झटका लगा है | दरअसल महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है, जिसमें छत्तीसगढ़ से तीन बार के सीएम रहे डॉ. रमन सिंह का ही नाम गायब है | जबकि कांग्रेस की सूची में सीएम भूपेश बघेल को विशेष रूप से जगह मिली है | वे दोनों राज्यों में प्रचार के लिए जा सकते हैं, लेकिन बीजेपी द्वारा जारी की गयी 40 लोगों की सूची में छत्तीसगढ़ से केवल एक ही नाम सरोज पाण्डेय का शामिल किया गया है |
चौंकाने वाली बात ये हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष है। इसके बावजूद सूची में रमन सिंह का नाम नहीं है। सबसे ज्य़ादा अचरज करने वाली ये बात है की भाजपा को पिछले दिनों एक साथ तीन राज्यों छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्यप्रदेश में हार झेलनी पड़ी थी। तीनों राज्यों में भाजपा की सरकार थी। इसके बाद भाजपा ने तीनों राज्य के मुख्यमंत्रियों डॉ. रमन सिंह, शिवराज सिंह चौहान और वसुंधरा राजे सिंधिया को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया था। सूची में शिवराज सिंह चौहान और वसुंधरा राजे सिंधिया को स्टार प्रचारकों की सूची में रखा गया है। वहीं रमन सिंह का नाम गायब है |
छत्तीसगढ़ कोटे से राज्यसभा सांसद और बीजेपी की राष्ट्रीय महासचिव सरोज पाण्डेय का नाम महाराष्ट्र में स्टार प्रचारकों की सूची में है | बता दें कि सरोज पाण्डेय महाराष्ट्र की प्रदेश प्रभारी भी हैं | स्टार प्रचारकों की सूची से रमन सिंह का नाम हटाने से सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज़ हो गयी हैं | क्योंकि पिछले विधानसभा चुनाव में दोनों ही राज्यों में पार्टी ने उन्हें प्रचार के लिए बुलाया था |

