बस्तर में थामे नहीं थम रही है नक्सली हिंसा , हप्तेभर में पांच ग्रामीणों को नक्सलियों ने मौत के घाट उतारा | दो नक्सली भी मारे गए |

0
21

दंतेवाड़ा / छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में हिंसक वारदातों में कोई कमी नहीं आई है | नक्सली रोजाना हत्याओं और आगजनी की वारदातों को अंजाम दे रहे है |  बस्तर में नक्सली हिंसा थामे नहीं थम रही है | हप्तेभर के भीतर विभिन्न इलाकों में नक्सलियों ने पांच ग्रामीणों को मौत के घाट उतारा है | इन इलाकों में कभी पुलिस और केन्द्रीय सुरक्षा बलों का पलड़ा भारी होता है , तो कभी नक्सलियों का | ताजा मामले में  दंतेवाड़ा जिले में जवानों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षा बलों के जवानों ने दो वर्दीधारी नक्सली को मार गिराया है |

मिली जानकारी के मुताबिक मारे गए नक्सलियों में एक महिला नक्सली भी शामिल है। घटनास्थल पर पुलिस को एक इंसास और एक 12 बोर बंदूक सहित नक्सली साहित्य और कई  सामग्री बरामद हुई हैं। पुलिस ने दो नक्सलियों का शव बरामद  किया है | इसमें से एक महिला है | बताया जाता है कि मुठभेड़ में मारे गए एक अन्य नक्सली का शव उसके नक्सली साथी ले जाने में सफल रहे है । दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव ने नक्सली मुठभेड़ की पुष्टि की है। 

बताया जाता है कि अरनपुर इलाके में  डीआरजी और एसटीएफ की टीम सर्चिंग पर निकली थी |  ये इलाका नक्सलियों का गढ़ माना जाता है। इसी दौरान दंतेवाड़ा और सुकमा बॉर्डर पर नक्सलियों के साथ जवानों की मुठभेड़ हुई  |  दोनों ओर से करीब एक घंटे तक चली गोलीबारी में जवानों ने दो नक्सलियों को  ढेर कर दिया। फ़िलहाल नक्सलियों का शव बरामद करने के बाद  अतिरिक्त फोर्स जंगल में भाग निकले नक्सलियों की खोजबीन में जुटी है |