अंबिकापुर / छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में आज से देश का पहला गार्बेज कैफे शुरू होने जा रहा है | स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव गार्बेज कैफे का उद्घाटन करेंगे | अगर आपकी जेब में पैसे नहीं हैं तो परेशान न हो, यहां सड़क पर पड़ी प्लास्टिक लाने पर मुफ्त में खाना भी मिल सकेगा | प्लास्टिक से वातावरण को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए छत्तीसगढ़ में एक नई पहल की गई है | अंबिकापुर नगर निगम ने प्लास्टिक कचरे के बदले नागरिकों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए गार्बेज कैफे खोला है |
गार्बेज कैफे 24 घंटे खुला रहेगा | गार्बेज कैफे शुरू होने से पहले ही चर्चा का विषय बना हुआ है | इस प्रयोग की जमकर सराहना हो रही है | अगर आप एक किलो प्लास्टिक लाते हैं तो उसके बदले आपको एक बार का भरपेट खाना मिलेगा, जबकि 500 ग्राम प्लास्टिक देकर आप ब्रेकफास्ट कर सकते हैं | इस कैफे में इकट्ठा होने वाले प्लास्टिक को सड़क बनाने के काम में लगाया जाएगा | इससे पहले भी शहर में प्लास्टिक के टुकड़ों और डामर से सड़क बनाई गई है | बजट में इस गार्बेज कैफे के लिए 5 लाख रूपये दिए गए हैं | इसके तहत नगर निगम गरीब और बेघर लोगों को मुफ्त में खाना खिलाएगी |
