रायपुर / अवैध प्रेम सम्बन्ध के चलते अपने ही पुराने प्रेमी को मौत के घाट उतारने वाली पूजा सचदेव और उसके अन्य साथियो को जिला न्यायालय ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। आरोपी युवती ने मृतक को आधी रात को अपने घर बुलाया था। वहां पहले से मौजूद उसके नए प्रेमी, भाई और एक अन्य ने मिलकर उसकी हत्या कर दी थी। घटना करीब दो साल पहले हुई थी। इस मामले में चारों फिलहाल जेल में हैं। प्रथम अतिरिक्त न्यायाधीश राकेश कुमार वर्मा के न्यायालय में दो साल पहले हुए संतोष दुबे हत्याकांड मामले की सुनवाई थी। मामले में दोषी पाए जाने पर सभी आरोपियों को उम्र कैद की सजा सुनाई है।
बता दें कि 11 अगस्त 2017 की रात करीब 12.20 बजे ओसीएम चौक निवासी पूजा के घर संतोष दुबे की बेरहमी से चाकू मार कर हत्या कर दी गई थी। हत्या में पूजा, राजा, मोनू और रंजीत शामिल थे। हत्या के बाद आरोपी कमरे में बाहर से ताला लगाकर भाग निकले थे। दरअसल पूजा और संतोष के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बाद में पूजा का राजा से प्रेम संबंध हो गया। इससे संतोष नाराज रहता था। वह पूजा को राजा से दूर रहने के लिए कहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। घटनावाली रात को संतोष दुबे अपने घर में खाना खा रहा था तभी रात साढ़े बारह बजे पूजा ने संतोष को अपने घर बुलाया। वहां पहले से राजा, मोनू और रंजीत मौजूद थे। संतोष के पहुंचते ही आरोपियों ने चाकू से उसके पेट में कई वार किए। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद आरोपी मकान में ताला लगाकर भाग निकले थे। लेडी डॉन के नाम से चर्चित पूजा और उसकी बहन मोनिका सचदेव दोनों कोतवाली थाना क्षेत्र के ओसीएम चौक इलाके में गांजा-शराब, जुआ-सट्टा और नशे के सामनों की तस्करी के लिए जाने जाते हैं।
