तेंदूपत्ता व्यापारी के बेटे की हत्या , पीठ और सीने पर धारदार हथियार से किया गया हमला |

0
9

बिलासपुर / बिलासपुर के रिंग रोड नंबर दो में बीती देर रात शहर के तेंदूपत्ता व्यापारी के बेटे की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के समय वह पार्टी कर लौट रहा था। सिविल लाइन पुलिस को रिंग रोड-2 गौरव पथ पर युवकों के बीच विवाद की सूचना मिली। टीम मौके पर पहुंची तो वहां कोई नहीं मिला। फिर सुबह 4.30 बजे पता चला कि पन्ना नगर के पास गली में लाश पड़ी है, जो शहर के व्यवसायी के बेटे की निकली। मृतक युवक के साथ उसका एक साथी था वह फरार है | पुलिस को उसी पर ही संदेह है। उसकी तलाश चल रही है।   

जानकारी के मुताबिक मिनोचा कालोनी निवासी गिरिजा केशरवानी तेंदूपत्ता व्यवसायी हैं। उनका 25 वर्षीय बेटा शुभम केशरवानी इस काम में उन्हें सहयोग करता था। गुरुवार की रात 10 बजे शुभम अपने 6 दोस्तों के साथ पार्टी मनाने शहर के एक होटल में गया था। यहां सभी ने एक साथ खाना खाया। फिर रात 2 बजे अपने अपने घर जाने के लिए निकल गए। शुभम के साथ कार में कुदुदंड निवासी अक्षत श्रीवासन मौजूद था। दोनों ही घर नहीं पहुंचे। तड़के शुभम की लाश रोड नंबर दो के करीब पन्ना नगर नगर जाने वाले गली में मिली। कार सड़क पर खड़ी थी। शुभम पर धारदार हथियार से वार किए गए थे। किसी ने उसकी हत्या कर दी थी। 


सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा

सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। सिविल लाइन पुलिस कार के कागजात के आधार पर उसकी पहचान की और परिजनों को बुलाया। घटनास्थल के करीब के मकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में कार रात 2.47 बजे रुकते व दाे लोग इससे बाहर निकलते नजर आ रहे हैं। एक वहां से तेजी से पैदल भागते दिख रहा है। पुलिस का कहना है कि इनमें से एक शुभम व दूसरा उसका साथी अक्षत श्रीवासन है। अक्षत गायब है। पुलिस तलाश में उसके घर गई पर नहीं मिला। उसका मोबाइल भी रात 3 बजे से बंद है। पुलिस पता लगा रही है। हालांकि अभी हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं है | पुलिस मामले की जांच कर रही है |  

पुलिस की पूछताछ में शुभम के पिता गिरजाप्रसाद ने बताया कि रात करीब 10 बजे वह ब्लड डोनेट करने की बात कहकर घर से निकला था। जबकि, अन्य परिचितों को बताया कि वह अपने दोस्त को स्टेशन लेने जा रहा है। रात करीब 12 बजे तक शुभम के घर नहीं पहुंचने पर पिता ने उसके मोबाइल पर कॉल किया, तब उसने 10 मिनट में घर पहुंचने की बात कही थी। लेकिन, वह पूरी रात घर ही नहीं पहुंचा और उसकी मौत की खबर आ गई। शुभम अपने घर का इकलौता बेटा था।