छत्तीसगढ़ में देर से ही सही लेकिन ” मी टू ” ने जोरदार दस्तक दी है | पीड़ित महिला के मुताबिक तत्कालीन बीजेपी अध्यक्ष और मौजूदा नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक ने उसके साथ ऐसी हरकत की थी ,जो हम लिख नहीं सकते | हालांकि महिला के आरोपों से आप खुद समझ जाए , कौशिक जी ने उसके साथ क्या किया था | दूसरी ओर धरमलाल कौशिक इस महिला के आरोपों को झूठा बता रहे है | पीड़ित महिला के आरोपों से छत्तीसगढ़ का राजनैतिक गलियारा गरमाया हुआ है | हालांकि अभी ” मी टू ” के झगड़े में पुलिस प्रवेश नहीं हुआ है |
छत्तीसगढ़ में तत्कालीन बीजेपी सरकार के मंत्री राजेश मूणत की कथित सेक्स सीडी कांड मामले में मुख्य शिकायतकर्ता प्रकाश बजाज पर दो दिन पहले धोखाधड़ी और छेड़छाड़ का आरोप लगाने वाली महिला ने अब एक नई आपबीती सुनाई है | ये इतनी गर्म है कि उसके आरोपो से ही राजनैतिक माहौल तपने लगा है | पीड़ित महिला ने नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है | पीड़िता ने बताया कि साल 2017 में वह बिलासपुर में रहने वाली अपनी बहन के घर होली का त्यौहार मनाने गई थी | इस दौरान धरमलाल कौशिक ने उसकी बहन को होली मिलन का न्यौता दिया था | इस दौरान अपनी बड़ी बहन के साथ वह भी होली मिलन कार्यक्रम में शामिल होने उनके घर गई थी | उसका आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान धरमलाल कौशिक ने उसके साथ छेड़छाड़ की |
पीड़िता ने कहा कि जब वह धरमलाल कौशिक के घर पहुंची थी , तब वहां कई आला अधिकारी भी मौजूद थे | कौशिक ने उन लोगों को घर के भीतर हाल में बैठने कहा | कुछ देर बाद अधिकारियों को विदा करने के बाद वे खुद भी हाल में आ गए | फिर उन्होंने मुझे और मेरी बड़ी बहन को रंग -गुलाल लगाकर होली की बधाई दी |
रंग -गुलाल की आढ़ में ऐसा किया अध्यक्ष जी ने
पीड़िता का आरोप है कि उनके मना करने के बावजूद कौशिक ने उनके चेहरे पर अपने हाथों से कई बार रंग मला | उन्होंने कहा कि मैंने उन्हें कहा था कि मुझे रंग सूट नहीं करता, फिर भी उनके हाथ नहीं थमे | कौशिक जी ने पहले मेरी मांग में रंग भरा, फिर मेरे गाल पर रंग लगाकर खूब मला | इसके बाद मैंने चेहरे को धोने के लिए वाशरूम की लोकेशन पूछी , तो उन्होंने वाशरूम का स्थान बताने के बजाए अपने गमछे से फिर मेरे गाल पोछने की कोशिश की | पीड़िता ने कहा कि इसके बाद वो जैसे -तैसे वाशरूम में पहुंची और अपने आप को ठीक किया | चेहरा धोकर और रंग छुड़ाकर वो बाहर हाल में दोबारा आ गई | इस दौरान वहां मौजूद सभी लोगो ने चाय पी | पीड़ित के मुताबिक जब बाहर जाने की बारी आई, तब उसकी बहन पहले हाल से बाहर निकली | इस दौरान वो जब अपना मोबाइल पर्स उठा रही थी | तभी धरमलाल कौशिक की निगाहे उस पर फिर पड़ी | अब की बार तो उन्होंने हद कर दी | उन्होंने अपने दोनों हाथों से इशारा करते हुए गले लगाने की इच्छा जाहिर की | उनकी हरकत देखकर वो तेजी से बाहर आ गई |
धरमलाल कौशिक की सफाई
धरमलाल कौशिक ने इस महिला के तमाम आरोपों को सिरे से खारिज किया है | उन्होंने कहा है कि मैं आरोप लगाने वाली इस महिला को वे जानते तक नहीं | उनके मुताबिक यह मनगढ़ंत आरोप है और उन्हें यह फंसाने की कोशिश है | प्रतिप्रश्न करते हुए उन्होंने कहा कि 2017 में यदि यह घटना घटी थी , तो महिला अब तक क्या कर रही थी | कौशिक ने कहा कि अचानक दो साल बाद उसे कैसे याद आया कि उसके साथ छेड़खानी की गई थी | अपनी सफाई में कौशिक ने यह भी कहा कि उनके घर होली मिलन के कार्यक्रम में पूरा परिवार मौजूद होता है | होली में उनसे मिलने कई कार्यकर्ता भी आते हैं | सब कुछ लोगो के सामने होता है ऐसे में उस महिला के यह आरोप बेबुनियाद है |
बहरहाल इस महिला ने प्रेस क्लब में बाकायदा पत्रकारों को अपनी आपबीती सुनाई | उसने यह भी कहा कि उसके साथ हुई इस घटना की जानकारी पुलिस में दर्ज कराई जाएगी | पीड़ित महिला के मुताबिक बीजेपी शासनकाल में धरमलाल कौशिक के प्रभाव के चलते उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती , इसलिए वो अब तक चुप्पी साधी रही |