वर्तमान समय में राजनीति के सबसे बड़े चाणक्य माने जाने वाले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह गुजरात के गांधीनगर सीट से मैदान में हैं | शुरुआती रुझानों के अनुसार गांधीनगर लोकसभा सीटे से अमित शाह सवा लाख वोटों से आगे चल रहे हैं | कांग्रेस पार्टी ने अमित शाह के खिलाफ डॉक्टर सीजे चावड़ा को मैदान में उतारा है | गांधीनगर सीट बीजेपी के लिए लगभग अभेद्य किला बन चुकी है | यहां से बीजेपी के सबसे बड़े नेता लालकृष्ण आडवाणी सांसद हैं | राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की कर्मभूमि रही गांधीनगर सीट बीजेपी का मजबूत गढ़ रही है | भाजपा 1989 से इस सीट पर लगातार जीत हासिल करती आई है | गांधीनगर सीट पर 1967 में पहली बार चुनाव हुआ था और इसमें कांग्रेस को विजय मिली थी | इसके बाद वर्ष 1971 के चुनाव में कांग्रेस, 1977 के चुनाव में जनता दल और 1980 में कांग्रेस को इस सीट से जीत मिल चुकी है | 1989 के चुनाव में बीजेपी के नेता और बाद में राज्य के सीएम बने शंकरसिंह वाघेला ने गांधीनगर सीट पर कब्जा कर लिया | तब से अब तक इस सीट पर भाजपा का कब्जा है | वर्ष 1991 में लालकृष्ण आडवाणी और 1996 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने इस सीट से जीत हासिल की थी | इसके बाद 1998 से लेकर अब तक आडवाणी ने इस सीट का प्रतिनिधित्व किया है | अब इस सीट से भाजपा अध्यक्ष अमित शाह खुद प्रत्याशी है |