ईओडब्लू में पदस्थ रेखा नायर के पास तीन करोड़ से ज्यादा की प्रापर्टी का खुलासा , केस दर्ज |

0
11

रायपुर / ईओडब्लू में पदस्थ रेखा नायर के पास 3 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति का खुलासा हुआ है। जांच में पुष्टि के बाद आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया गया है। आईपीएस अधिकारी मुकेश गुप्ता की करीबी माने जाने वाली रेखा नायर की संपत्ति की जांच में चौंकाने वाली जानकारी मिली है। उनके बैंक खाते से मोटी रकम का ट्रांजेक्शन हुआ है। इसमें एक बिल्डर का नाम सामने आ रहा है। उसी ने रेखा के खाते में पैसे जमा किए हैं। लिहाजा ईओडब्ल्यू मनीलांड्रिंग के एंगल से भी जांच कर रही है | राज्य में कांग्रेस सरकार बनने के बाद से रेखा नायर दो साल की लंबी छुट्टी पर है |  वह पिछले साढ़े चार साल से ईओडब्लू में पदस्थ है। 

ईओडब्ल्यू की जांच में रेखा नायर के पास रायपुर  के आउटर में बड़ी जमीन के अलावा महंगी कालोनी में मकान का खुलासा हुआ है। इसके अलावा केरल के कोवल्लम में भी प्रापर्टी है। अफसरों के अनुसार प्रॉपर्टी के कागजात और बैंक ट्रांजेक्शन के कारण रेखा के खिलाफ पुख्ता प्रमाण मिले हैं। रेखा नायर मूलतः केरल की ही रहने वाली हैं।  रेखा नायर की संपत्ति की डिटेल जिस तरह से सामने आ रही है, उससे साफ है कि उनकी संपत्ति में तीन सौ गुना इजाफा हुआ है |  रेखा नायर का अचानक छुट्टी पर चले जाना भी कई तरह के सवाल खड़ा कर रहा है। रेखा पर अपने घर में फोन टेप करने का आरोप भी लग चुका है। रेखा नायर को नोटिस भेजा गया था, लेकिन उन्होंने इसे रिसीव नहीं किया है |  यदि वह नोटिस लेने से इंकार करती हैं, तो यह माना जाएगा कि वह फरार है |